कंदरौर के बेनला-ब्राह्म्णां में रखी फसल में लगी आग को बुझाते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
कंदरौर पंचायत के गांव बेनला-ब्राह्मणा में तीन परिवारों की खेतों में काट कर रखी गई गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इसमें लगभग 50 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
आग लगने से चेतराम, सुखराम और विनोद कुमार की फसल जल गई है। प्रभावितों ने बताया कि उन्होंने गेहूं की फसल को काटकर रखा था कि अचानक शॉर्ट सर्किट से उनकी फसल में आग लग गई। हालांकि आग को बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग ने भयानक रूप धारण करने से देखते ही देखते ही किसानों की सारी मेहनत पर पानी फेर दिया।
भंडारी राम, गुलशन देवी, विपन कुमार, अजय शर्मा, पवन शर्मा, राजेश कुमार, पंकज शर्मा, रफी मोहम्मद और यूसुफ खान सहित अन्यों ने आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन फसल को बचाने के लिए यह कोशिशें नाकाम साबित हुई।
वहीं, ग्रामीणों की शिकायत पर प्रधान कंदरौर कुलदीप कुमार धीमान, उपप्रधान पुरुषोत्तम ठाकुर ने घटनास्थल का दौरा किया और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवार का हर संभव आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।