थाना बरमाणा के अंतर्गत आने वाले स्योला गांव में एक व्यक्ति ने अपनी भाभी पर हमला कर जान से मारने की कोशिश की है। मारपीट की इस घटना में महिला बुरी तरह से घायल हो गई है।
प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए आईजीएमसी रेफर किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जान से मारने की कोशिश करने का मामला दर्ज करते हुए छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह तड़के स्योला गांव में दो भाईयों के बीच झगड़ा हो गया। पुलिस को दिए बयान में सुखराम ठाकुर ने बताया है कि वह और उसकी पत्नी घर पर ही थे।
उनकी पत्नी रसोईघर में खाना पका रही थी। अचानक उनका भाई वहां आया और उसकी पत्नी के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। एकाएक तैश में आकर वह मारपीट पर उतारू हो गया और उसकी पत्नी के सिर पर किसी चीज से जोरदार प्रहार कर दिया।
इससे उसे गंभीर चोटें आई। इसके कारण उसे आईजीएमसी को रेफर किया गया है। पुलिस ने सुखराम की शिकायत पर भादंसं की धारा 307, 452, 323 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
एएसपी मनमोहन सिंह ने बताया कि मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए हैं। महिला का मेडिकल करवाने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।