स्वारघाट के टरवाड़ गांव में बावड़ी में डूबने से एक बच्ची की मौत हो गई। हादसा मंगलवार शाम उस समय हुआ जब छह वर्षीय राधा देवी बावड़ी में पानी भरने गई थी। मगर बरसात की वजह से फिसलने की वजह से वह बावड़ी में डूब गई। हादसे से क्षेत्र में मातम का माहौल है। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद से पिता दाता राम, मां शांति देवी के साथ राधा के छोटे भाई गोलू का रो-रो कर बूरा हाल है।
जानकारी के अनुसार मामला मंगलवार शाम छह बजे का है, जब छह वर्षीय राधा देवी उर्फ कोमल पुत्री दाता राम टरवाड़ गांव के साथ लगती बावड़ी से पीने का पानी भरने के लिए गई थी। बावड़ी के समीप बरसात की वजह से फिसलन अधिक थी।
इस वजह से जैसे ही राधा पानी भरने के लिए बावड़ी में उतरने लगी तो अचानक उसका पांव फिसल गया। इससे वह बावड़ी के गहरे पानी में डूब गई। थोड़ी देर बाद जब गांव की ही एक महिला निशा देवी बावड़ी से पानी भरने के लिए आई तो उसने देखा कि एक बच्ची पानी में डूबी हुई है। उसने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। निशा देवी के चिल्लाने की बात सुनने पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे।
कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची को बावड़ी से बाहर निकाला। मगर तब तक बहुत देर हो चुकी थी। राधा देवी के परिजनों ने उसे फौरन नयना देवी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घवांडल पहुंचाया। मगर यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिला अस्पताल बिलासपुर में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पंचायत में बच्ची के पानी में डूबने से हुई मौत होने के कारण पूरा गांव सदमे में है। पूर्व टरवाड़ पंचायत प्रधान रणजीत सिंह ठाकुर और वर्तमान प्रधान शकुंतला देवी, उपप्रधान नंद लाल ने हादसे पर गहरा शोक प्रकट किया है।
एक छह वर्षीय बच्ची की बावड़ी के गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई है। इस संबंध में पुलिस चौकी नयनादेवी में मामला दर्ज कर हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
बलदेव दत्त, डीएसपी श्री नयना देवी