छात्र से मारपीट पर दो शिक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज
घुमारवीं पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं(बिलासपुर)। पुलिस थाना घुमारवीं के तहत आने वाली वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कठलग बद्धाघाट के 2 अध्यापकों के खिलाफ दसवीं के एक छात्र ने मारपीट का आरोप लगाया है। यह मामला लगभग 10 दिन पहले का बताया जा रहा है। 15 वर्षीय छात्र दसवीं कक्षा में पढ़ता है। पीड़ित छात्र तथा उसकी माता ने पुलिस थाना घुमारवीं में शनिवार को इस संदर्भ में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
छात्र का कहना है कि उसकी एक किताब खो गई थी जिसके चलते अलग-अलग विषयों के 2 अध्यापकों ने उसके साथ मारपीट की। छात्र का आरोप है कि उसके सीने तथा पीठ पर मारपीट की गई थी। उसके बाद वह सिविल अस्पताल घुमारवीं में दाखिल रहा। छात्र के साथ आई उसकी मां का आरोप है कि इस मारपीट के चलते उसके बेटे के शरीर में इंफेक्शन बढ़ गया। इसके चलते उसे पीलिया रोग हो गया। पुलिस ने इस शिकायत पर आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। इस संदर्भ में पाठशाला प्रधानाचार्य रविकांत शर्मा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि 23 अगस्त को उनके समक्ष एक आवेदन पत्र आया था। उसके उपरांत उन्होंने एक अनुशासन कमेटी का गठन कर दिया है तथा उपरोक्त अध्यापकों को अपना अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया था।
उन्होंने कहा कि दोनों अध्यापकों ने अनुशासन कमेटी के समक्ष अपना पक्ष रखा है। प्रधानाचार्य का कहना है कि कमेटी इस मामले में छानबीन कर रही है। इस मामले में डीएसपी घुमारवीं राजेंद्र कुमार जसवाल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह शिकायत पुलिस थाना घुमारवीं में दर्ज हुई है जिसके आधार पर आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस सारे मामले की गंभीरता से छानबीन करेगी।
----------
....जारी