शाहतलाई (बिलासपुर)। तलाई पुलिस ने एक व्यक्ति को चोरी की हुई बकरियों सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मिली जानकारी के अनुसार गुजरेहड़ा निवासी कौशल्या देवी ने बुधवार को पुलिस थाना तलाई में मवेशीखाने से दो बकरियां व दो बकरों के चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी।
पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू की। वीरवार शाम को एक व्यक्ति मंलागण के पास बकरियों व बकरे को बेचने की कोशिश में था। पुलिस ने जब उस व्यक्ति से पूछताछ की तो वह जानकारी देने से कतराने लगा। पुलिस ने कौशल्या देवी को बुलाया तो उसने अपनी बकरियों और बकरों को पहचान लिया। पुलिस ने मवेशी कौशल्या देवी के हवाले कर दिए और आरोपी को गिफ्तार कर लिया।
उधर, थाना प्रभारी कर्म सिंह ठाकुर ने बताया कि बकरियां चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार आरोपी की पहचान जिला हमीरपुर के गांव करनेहड़ा निवासी विपिन कुमार पुत्र प्रेम लाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।