भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना के तहत भगड़वान गांव में शनिवार रात को दराट से हमला कर एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया है। आरोपी युवक हमला करने के बाद मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने घायल का मेडिकल करवाने के बाद मामला दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।
आरोपी युवक के खिलाफ पहले भी मारपीट के मामले थाने में दर्ज हैं। कुछ समय पहले उक्त युवक ने गांव में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का सिर फोड़ दिया था। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया था। पुलिस की गिरफ्त से भी आरोपी भाग निकला था। जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया था।
बाड़ी गांव के देवराज ने पुलिस को बताया कि भगड़वान गांव में एक घर में समारोह था। देवराज ने बताया कि शाम करीब 8 बजे समारोह में खाना खाने के बाद वापस घर लौट रहा था। रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे युवक ने अचानक दराट से हमला कर दिया। इससे उसके सिर व बाजू में चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने देवराज को भराड़ी अस्पताल पहुंचाया। उसके सिर व बाजू में टांके लगाए गए हैं। उधर हमला करने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया है।
भराड़ी थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि देवराज की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की तहकीकात जारी है।