सरोज पाठक
बरमाणा (बिलासपुर)। पंजाब के गढ़शंकर की एक युवती की जुखाला के स्योहला में जबरन शादी करवाने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवती ने मामले की शिकायत डीसी बिलासपुर को सौंपी है। जहां से शिकायत को एएसपी बिलासपुर को भेज दिया गया है। शिकायतकर्ता का मेडिकल करवाया गया है। पुलिस अब जांच कर रही है। जांच के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। युवती ने खरीद-फरोख्त का भी आरोप लगाया है।
पुलिस के पास पहुंची शिकायत के अनुसार युवती को पहले पैसे देकर खरीदा गया और फिर स्योहला गांव में जबरन शादी करवाई गई। शिकायतकर्ता ने खुद को गढ़शंकर की रहने वाली बताया है। उसका पति स्योहला गांव ब्रह्मपुखर का रहने वाला है। पीड़िता का आरोप है कि उसे खरीद कर बिलासपुर लाने में पांच महिलाओं व एक पुरुष का हाथ है। उसके ससुराल वाले उसे वहां से खरीद कर यहां ले आए व जबरन अपने बेटे के साथ शादी करवा दी। अब उसका दो महीने का बच्चा भी है। युवती का कहना है कि उसके ससुराल वाले उसके साथ मारपीट भी करते हैं। उसे जिंदा जलाने की धमकियां दी जाती हैं। 15 जुलाई को भी उसके ससुराल वालों ने उसे पीटा। उसके सिर पर पत्थरों से वार किया जिससे वह घायल हो गई। पीड़िता ने अब ससुराल जाने से भी मना कर दिया है। प्रशासन की ओर से युवती व उसके बच्चे को सुरक्षा व छत मुहैया करवाई गई है। जबकि मामला पुलिस के पास पहुंच गया है। युवती का मेडिकल करवाया गया है। अब जांच के बाद भी पता लग पाएगा कि सच क्या है।
एएसपी भागमल ठाकुर ने कहा कि शिकायत मिलने पर विवाहिता की मेडिकल करवाया गया है। छानबीन की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आते हैं, कानून के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।