अमर उजाला ब्यूरो
बरमाणा (बिलासपुर)।
बरमाणा थाना में पैसे लेकर टिकट न देने के मामले में एचआरटीसी के परिचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रोहडू़ डिपो के निरीक्षक की शिकायत के आधार पर केस दर्ज करते हुए आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रोहडू़ डिपो की (एचपी10ए-2479) बस मंडी से शिमला जा रही थी। इसी दौरान जब बस ब्रह्मपुखर के पास पहुंची तो वहां निगम के उड़न दस्ते ने बस को चेकिंग के लिए रोक लिया। इसके बाद बस में बैठी सवारियों से टिकट चेकिंग के लिए मांगे। मगर इसी दौरान तीन सवारियां टिकट नहीं दिखा पाई। इस पर जब सवारियों से इसका कारण पूछा गया तो उन्होंने बताया कि परिचालक ने उन्हें टिकट नहीं दिए हैं। जबकि तीन सवारियों से परिचालक 598 रुपये ले चुका था। इसके बाद निरीक्षण ने मौके पर ही मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही उसी वक्त परिचालक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई। इसके बाद इस संबंध में रोहड़ू डिपो को शिकायत भेज दी गई। यहां से कार्रवाई होने के बाद इस बारे में बरमाणा थाना में शिकायत दी गई। यहां पर पुलिस ने एचआरटीसी के कौशल विकास प्रशिक्षु परिचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इससे पहले भी एचआरटीसी उड़न दस्ते की छापामारी में कई परिचालकों द्वारा यात्रियों को टिकट न देने के मामले सामने आ चुके हैं। यही वजह है कि एचआरटीसी ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने का फैसला लिया है। एसपी बिलासपुर राहुल नाथ ने बताया कि एचआरटीसी की बस में सवारियों को टिकट न देने के मामले में प्रशिक्षु परिचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।