बिलासपुर। कोतवाली पुलिस ने बाइक चोरी के आरोप में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं केमरी पुलिस ने दो वारंटियाें को गिरफ्तार किया है। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार श्रोतिय ने बताया कि करीब एक माह पूर्व नगर के एसडीएम कोर्ट के पास से मिलक खानम थाने के ग्राम मिर्जापुर निवासी मोहम्मद हनीफ की बाइक चोरी हुई थी।
उत्तराखंड के काशीपुर की पुलिस ने कच्ची शराब की तस्करी के आरोप में युवक को चोरी की बाइक समेत गिरफ्तार किया था। इस दौरान गिरफ्तार युवक ने बाइक को बिलासपुर से चुराने की बात कबूली थी। उसने अपने फरार साथी छिंदू सिंह निवासी ग्राम मालधन चौड़ थाना रामनगर जिला नैनीताल का नाम बताया था। पुलिस ने फरार छिंदू सिंह को मंगलवार की सुबह क्षेत्र से गिरफ्तार कर चालान किया है।