बिलासपुर। कई सालों से बिलासपुर में रह रहा एक प्रवासी शनिवार सुबह कॉलेज चौक के पास रेन शेल्टर में मृत मिला। बताया जा रहा है कि उक्त प्रवासी पहले मजदूरी करता था। इसके बाद उसने कबाड़ एकत्रित करने का काम शुरू कर दिया। पिछले काफी समय से वह कॉलेज चौक के पास एनएच किनारे बने रेन शेल्टर के निचले हिस्से में रह रहा था। पिछले कुछ दिनों से वह बीमार भी था। आसपास के लोग उसे सुबह-शाम खाना दे देते थे।
शनिवार सुबह वह मृत मिला। हालांकि उसके असली नाम-पते का खुलासा नहीं हो पाया है। लेकिन, लोग उसे हनुमान के नाम से पुकारते थे। शनिवार सुबह उक्त प्रवासी के मृत पड़े होने की सूचना एसपी अंजुम आरा को मिली। उनके निर्देश पर एएसपी कुलदीप राणा की अगुवाई में पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। नियमों के तहत शव 72 घंटे तक शवगृह में रखा जाएगा। यदि कोई रिश्तेदार उसका शव लेने नहीं आया तो उसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।