अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं(बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं की ग्राम पंचायत घुमारवीं के साथ लगते गांव गेहरी में एक स्कूटी व निजी स्कूल बस की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। हादसे में मारा गया व्यक्ति किसी के यहां हुई मौत पर शोक जताने गया था लेकिन वह सड़क हादसे में खुद की मौत का शिकार हो गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर इस संबंध में छानबीन शुरू कर दी है। हादसे में मारे गए व्यक्ति की पहचान 53 साल के श्यामलाल पुत्र संतु राम के रूप में हुई है। मृतक श्यामलाल के भाई रोशन लाल ने बताया कि वह अपने ही परिजन की मौत पर दुख व्यक्त करने के लिए गांव गेहरी में गए हुए थे। जब वह वापस अपने घर घुमारवीं की ओर आ रहे थे तो हादसे का शिकार हो गए।
रोशन लाल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि गेहरी में ही एक तंग पुली के पास जैसे ही वह स्कूल बस को पास दे रहा था तो अचानक उसके स्कूटी पर बैठे उसके भाई श्याम लाल का सिर निजी बस से टकरा गया तथा उनका भाई सड़क पर गिर गया।
बताया कि उसने तत्काल स्कूटी को छोड़ कर अपने भाई को उठाना चाहा लेकिन बस के टकराने से उसके सिर पर गहरी चोट आ गई थीं। उसी बस में उसे सिविल अस्पताल घुमारवीं पहुंचाया गया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, अचानक हुए हादसे से कुलारू गांव में सन्नाटा पसर गया है। मृतक अपने पीछे अपनी धर्म पत्नी व दो बेटे और एक बेटी को रोता बिलखता हुआ छोड़ गया।
उधर थाना प्रभारी शेर सिंह ने अस्पताल पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। एसपी बिलासपुर अशोक कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है। उन्होंने साफ किया कि दोषी जो भी होगा बख्शा नहीं जाएगा।