श्री नयना देवी (बिलासपुर)। कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर गांव में आतंकियों के मुठभेड़ में शहीद हुए बिलासपुर जिला के श्रीनयना देवी की माकड़ी पंचायत के उट्टपर गांव के विजय कुमार ने एक आतंकी को मार गिराया था। इस बात का खुलासा उनकी अंतिम शहादत पर पहुंचे 87 आर्म्ड के 22 आरआर के सूबेदार तिलक राज की ओर से किया गया। इनका कहना है कि एक आतंकी ने इनके सिर में गोली मारी जिससे इनकी मौत हो गई।
सूबेदार तिलक राज का कहना है कि वीरवार रात नौ बजे सूचना मिली थी सोपोर के एक घर में दो आतंकवादी छुपे हुए हैं। सुबह नौ बजे सेना की आतंकियों के साथ मुठभेड़ शुरू हुई। एक आतंकी को तो शहीद विजय कुमार ने मार गिराया, जब वह दूसरे आतंकी की तलाश में आगे बढ़े तो घर की छत पर छिप कर बैठे दूसरे आतंकी ने उन्हें गोली मार दी जो सीधे उनके सिर में जा लगी। इसके बाद सेना ने दूसरे आतंकी को भी मार गिराया।
वहीं शहीद विजय कुमार के बड़े बेटे निशांत (9) का कहना है कि वह बड़ा होकर अपने पिता की शहादत का बदला लेगा। उसका कहना था कि उसके पिता बहादुर थे और बहादुरी से लड़ते हुए शहीद हुए हैं। बड़ा होकर वह भी फौजी बनेगा। जबकि शहीद की माता गज्जो देवी का देहांत तब हो गया था जब वह पहली कक्षा में पढ़ते थे। विजय कुमार अपने चार भाई बहनों में दूसरे स्थान पर थे। प्राथमिक शिक्षा राजकीय प्राथमिक पाठशाला खुलवीं से की है। जबकि दसवीं भाखड़ा से की है।
शहीद के अंतिम संस्कार के मौके पर प्रदेश सरकार की ओर से उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर, विधायक श्री नयना देवी रामलाल ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सत्तपाल सिंह सत्ती, भाजपा मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा, उपायुक्त विवेक भाटिया, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार, श्री नयना देवी के डीएसपी मनोहर लाल, एसडीएम नयना देवी अनिल चौहान, तरसूह पंचायत के प्रधान विजय शर्मा, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आशुतोष शर्मा सहित अन्य उपस्थित थे।
उधर रात भर शहीद के परिजनों को अंधेरे में ही बीतानी पड़ी। परिजनों का कहना था कि शुक्रवार रात को ही गांव में बिजली गुल हो गई थी जिससे पूरे के पूरे परिवार ने अंधेरे में गुजारी है। बिजली शनिवार दोपहर डेढ़ बजे के बाद ही बहाल हो पाई है।
इनसेट...
पत्नी को नहीं था पता पति की शहादत का
परिजनों का कहना है कि विजय कुमार की पत्नी मेनका को यह पता ही नहीं था कि उनके पति शहीद हो गए हैं, जब परिजन नंगल स्थित उसे बताने गए तो वह एक मंदिर में पूजा अर्चना कर रही थी। इसके बाद परिजन उसे वहां से गांव लेकर आए। शहीद विजय कुमार के दोनों बेटे निशांत व सुशांत नंगल में पढ़ते हैं।
इनसेट...
एक तरफ विपदाओं का पहाड़, दूसरी तरफ गर्व
शहीद विजय कुमार की पत्नी मेनका का कहना है कि एक तरफ तो उन पर विपदाओं का पहाड़ टूट पड़ा है, क्योंकि बच्चे छोटे-छोटे हैं। जबकि दूसरी तरफ उनकोपति की शहादत पर गर्व भी है। मेनका का कहना है कि जो तिरंगा उन्हें अपने पति की शहादत पर मिला है वह उसे ताउम्र अपने पास संभाल कर रखेंगी ताकि उसके पति की याद उसके साथ हमेशा रहे। उसे इस बात का फक्र है कि उनका पति देश के लिए शहीद हुआ है।
-----------------
इनसेट....
18 फरवरी 2007 को हुई थी शादी
शहीद विजय कुमार की शादी मेनका के साथ 18 फरवरी 2007 को हुई थी। मेनका नयना देवी के साथ लगते गांव घवांडल की रहने वाली हैं। वे बच्चों के साथ नंगल में रहती हैं। यहां पर बच्चे निजी स्कूल मेें पढ़ाई करते हैं। बड़ा बेटा चौथी में हैं, जबकि छोटे वाला केजी कक्षा में पढ़ता है।
इनसेट....
एक माह बाद भटिंडा पंजाब में होना था तबादला
शहीद विजय कुमार के भाई अजय कुमार का कहना है कि जब उनका भाई छुट्टियां काट कर वापस गया था तो वह पूरे गांव से मिलकर गया था। उन्होंने बताया कि उनके भाई ने बताया था कि एक माह बाद उसका तबादला पंजाब के भटिंडा में होने वाला है। जिसके बाद वह दोबारा छु़ट्टी लेकर घर आएगा। उन्होंने बताया कि वह मिलनसार और अपने कार्यों में व्यस्त व लोगों से मिलता-जुलता था।
इनसेट....
शाम चाढ़े चार बजे मिली शहादत की सूचना
शहीद विजय कुमार के पिता रणजीत सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम साढ़े चार बजे उन्हें अपने बेटे की शहादत की सूचना मिली थी। विजय को गोली लगने के बाद 92 बेस अस्पताल लाया गया था। जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। विजय कुमार के ससुर बचना राम का कहना है कि 31 जुलाई को उनके दामाद का फोन आया था कि वह ठीक ठाक अपनी ड्यूटी पर पहुंच गए हैं। जबकि छुट्टियों के दौरान वह तत्तापानी, कुल्लू, मनाली, चंडीगढ़ परिवार सहित घूमने भी गए थे।
इनसेट...
दिसंबर 2019 में था रिटायर होने का प्लान
शहीद विजय कुमार के परिजनों का कहना था कि उनके बेटे ने दिसंबर 2019 उमें रिटायर होने का प्लान किया था। उनके बेटे का कहना था कि वह सेना से सेवानिवृत्त होकर घर आकर अपना कोई कार्य करना चाहता था। विजय कुमार एक अच्छे धावक भी थे। श्री नयना देवी विधानसभा क्षेत्र में सेना से विजय कुमार की नौवीं शहादत है। अभी तक यहां से नौ सेना के जवान देश के लिए शहीद हो चुके हैं।