बस की टक्कर से कार चालक की मौत, चार घायल
बिलासपुर/भोट। नैनीताल हाईवे पर तेज गति में आ रही एक बस ने सामने से रही एक टूरिस्ट कार में टक्कर मार दी। इससे कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई तथा कार में सवार एक ही परिवार के चार लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली के द्वारिका सेक्टर दो निवासी नरेश कुमार परिवार के साथ टूरिस्ट कार द्वारा नैनीताल से सोमवार की अपराह्न करीब तीन बजे वापस अपने घर जा रहा था। कार में नरेश कुमार व उसकी पत्नी दीपा तथा दो पुत्रियां बर्षा व डिंपल सवार थीं तथा कार को दिल्ली के पटेलनगर निवासी पिंटू नारायन (35) चला रहा था। नैनीताल हाईवे स्थित कोयली गांव के पास दिल्ली से नैनीताल जा रही वाल्वो बस के चालक ने लापरवाही से कार में टक्कर मार दी। इससे कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई तथा कार में सवार नरेश का पूरा परिवार घायल हो गया। घटना के बाद चालक बस को छोड़कर भाग गया। इस दौरान मौके पर काफी भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने सभी घायलों को पास के ही जौहर अस्पताल में भर्ती कराया। इसके कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया। बाद में बस में सवार सभी यात्रियों को अन्य बसों के द्वारा गंतव्य को भिजवा दिया गया। पुलिस ने शव को पीएम को भेज दिया गया। पुलिस ने बस को कब्जे में कर लिया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी। घटनी की सूचना मृतक कार चालक के परिजनों को दे दी गई है।