अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं की ग्राम पंचायत औहर के वार्ड लोअर भंजवानी-पांच में उपग्राम सभा का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता वार्ड पंच कैप्टन विजय सिंह चंदेल ने की। बैठक में विशेष रूप से पंचायत प्रधान कमला संधु व पंचायत सचिव रमेश कुमार सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान ग्रामीणों को पंचायत सचिव ने सरकार द्वारा चलाई गई स्कीमों की जानकारी विस्तार से दी। 24 नवंबर 2018 शनिवार को होने वाली महत्वपूर्ण ग्राम सभा की बैठक में सभी ग्रामीणों से अनुरोध किया है कि बैठक में विकास के कार्यों पर चर्चा होगी। पंचायत में 127 बीपीएल परिवार दर्ज हैं, लेकिन ग्राम सभाओं की बैठकों में केवल मात्र 7 या 8 प्रतिशत परिवार ही पहुंच पाते हैं।
पंचायत ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि जिस बीपीएल परिवार के सदस्य लगातार तीन बैठकों में अनुपस्थित पाए जाएंगे उन्हें अपात्र घोषित करके उनके नाम बीपीएल परिवार की सूची से काट दिए जाएंगे। बीपीएल परिवार में चयनित व्यक्ति शराब पीकर हुड़दंग मचाने की शिकायत मिलने पर उसका नाम भी बीपीएल परिवार की सूची से काट दिया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व पंचायत प्रधान जगत राम शर्मा, अमित सिंह, कैप्टन नंदलाल, कैप्टन प्यारेलाल, वेद प्रकाश शर्मा, जयराम, ज्ञान चंद, प्रकाश चंद, राधा देवी, सोमा देवी, आशा देवी, वार्ड सदस्य रंजीत सिंह, ममता देवी आदि उपस्थित रहे।