जुखाला (बिलासपुर)। रोपड़-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर विनायकघाट के पास अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से राहगीर की मौत हो गई। 36 वर्षीय दीपराज दुकान से सामान लाने गया था। सड़क पार करते समय ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौैत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार दीपराज कुछ सामान लेने के लिए विनायकघाट के पास स्थित दुकान पर गया था। सड़क पार करते समय ट्रक ने दीपराज को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने निजी वाहन में दीपराज को जिला अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। दीपराज दिहाड़ी लगाकर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। दीपराज अपने पीछे पत्नी और डेढ़ वर्षीय की बच्ची छोड़ गया है। नायब तहसीलदार सदर प्रकाश चंद ने मृतक के परिजनों को दस हजार रुपये की फौरी राहत दी है।
पुलिस थाना बरमाणा के जांच अधिकारी प्रभाकर शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला दर्ज करके अज्ञात ट्रक की तलाश शुरू कर दी है।