घुमारवीं (बिलासपुर)। भराड़ी उपतहसील के गतवाड़ पंचायत के गांव लठ्याणी के रणवीर सिंह का रिहायशी मकान भारी बारिश के चलते ध्वस्त हो चुका है। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। जिस समय मकान गिरा उस वक्त सभी लोग पड़ोस के मकान में गये हुए थे अन्यथा काफी बड़ी दुर्घटना घट सकती थी।
घर के मालिक रणवीर सिंह व उनकी पत्नी और उनके दो भतीजे इस घर में रहते हैं और उनका खुद का बेटा व बहु नौकरी के कारण बाहर रहते हैं। रविवार होने के कारण विभाग का कोई भी व्यक्ति मौके पर नहीं आ सका। उपमंडलाधिकारी शशिपाल शर्मा को भी इस बारे अवगत करवाया गया। उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि इसके बारे में वो विभाग को आदेश देकर पूरी जांच करवाएंगे।