अमर उजाला ब्यूरो
बरमाणा/जुखाला।
शनिवार देर रात शिमला से बिलासपुर की ओर जा रही एक निजी बस पर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। कार में सवार कुछ लोगों ने बस को राजघाटी के पास घेर लिया। इस दौरान उन्होंने चालक को चलती बस से ही बाहर निकाल दिया। परिचालक के हैंड ब्रेक लगाने से बस गहरी खाई में जाने से बच गई। लोगों के बीच बचाव के बाद मामला शांत हो गया। लेकिन, उक्त लोगों ने दोबारा बस को घेरकर बस चालक व परिचालक से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया।
घटना का पता चलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वहीं, कार सवार लोगों ने भी बस चालक, परिचालक और सवारियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। कार सवार लोगों का कहना है कि हमले में उन्हें भी चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार एक निजी बस शिमला से बिलासपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस राजघाटी के पास पहुंची तो कार में सवार कुछ लोगों ने बस को रोक लिया। उक्त लोगों ने चालक को स्टार्ट बस से ही नीचे खींच लिया। इससे बस खाई की ओर चल पड़ी। लेकिन, कंडक्टर ने हैंड ब्रेक लगाकर बस को रोक दिया। इससे बस खाई में गिरने से बच गई। बस में करीब 35-40 सवारियां थीं। अगर परिचालक हैंड ब्रेक नहीं लगाता तो बस सवार लोगों की जान भी जा सकती थी। सवारियों ने मामले की रफा-दफा करवा दिया। इसके बाद दोबारा पीछा करते हुए दगसेच के पास बस को रोक लिया। इस दौरान कार में सवार लोगों ने चालक व परिचालक पर हमला कर दिया। हमले में चालक व परिचालक को गंभीर चोटें आई हैं।
वहीं कार सवार लोगों ने पुलिस शिकायत में बस चालक, परिचालक व सवारियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। मजित भाटिया निवासी भराड़ीघाट ने बताया कि जब वह अपनी कार में सवार होकर कहीं जा रहा था तो अचानक ही पंजोग के पास निजी ने उसकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया। जब वह नीचे उतरा तो बस चालक, परिचालक व उसमें बैठी सवारियों ने उसे घेर लिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। मारपीट में उसे चोटें आई हैं।
एसपी बिलासपुर राहुल नाथ ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है, मामले की छानबीन की जा रही है।