घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल के तहत आने वाले पटवार खाने में किसी ने आग लगा दी। इस अग्निकांड में 10 गांवों का पूरा राजस्व रिकॉर्ड जलकर राख हो गया है। संदिग्ध हालत में लगी आग ने इस मामले में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा था कि क्षेत्र में ही विभाग ने निशानदेही रखी थी जहां कुछ लोगों ने अवैध कब्जे भी कर रखे थे लेकिन इससे ठीक पहले रिकॉर्ड जला देना अपने आप में कई सवाल खड़े कर रहा है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत मोरसिघीं में गत रात्रि पटवार खाने में किसी ने दरवाजा तोड़ कर पूरे रिकॉर्ड को ही आग लगा दी। इस घटना की सूचना ग्राम पंचायत मोरसिंघी के प्रधान ने पटवारी हल्का को सुबह 6 बजे फोन पर दी तो पटवारी हल्का सोनू देवी मौका पर पहुंची। मौके पर से तहसीलदार घुमारवीं ओपी शर्मा को इसकी सूचना दी। इसके बाद इस मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई। पुलिस थाना घुमारवीं ने भी इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गांव में कसोहल से टाओ तक विभाग के द्वारा निशानदेही रखी गई थी और जहां निशानदेही रखी गई थी वहां पर कुछ लोगों के द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा था लेकिन निशानदेही से पहले रिकॉर्ड जला दिया गया।
एसडीएम शशिपाल शर्मा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस मामले की गहनता से छानबीन करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि 10 गांव का लेटेस्ट रिकॉर्ड जलकर राख हो गया है और कुछ पुराना रिकॉर्ड बचा है जिससे पता चलता है कि किसी ने सोच समझ कर साजिश रची है।