जुखाला(बिलासपुर)। बरमाणा थाना के तहत आने वाले मार्कंड में एक जीप और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है जिसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। खबर लिखे जाने तक युवक की हालत गंभीर बनी हुई थी। खबर की पुष्टि एएसपी भागमल ठाकुर ने की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मार्कंड के पास जीप संख्या एचपी 19-3621 और बाइक संख्या एचपी 24ए 5378 की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब जीप चालक ओवरटेक कर रहा था और सामने से आ रही बाइक से टक्करा गया। इस हादसे में बाइक सवार को सिर और आंखों में गंभीर चोटें आई हैं।
घायल को मार्कंड अस्पताल ले जाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल बिलासपुर रेफर कर दिया गया। बिलासपुर में युवक की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी की बाइक सवार की आंखों को भारी क्षति पहुंची है।
इधर, बरमाणा पुलिस ने जीप चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने की मामला दर्ज कर लिया है। एएसपी भागमल ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
------------------