खजुरिया (रामपुर)। दुल्हन की विदाई के दौरान दूल्हे की कार की चपेट में आकर एक किसान का इकलौता पुत्र घायल हो गया, जिसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बालक की मौत से उसके घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने कार को कब्जे में कर लिया और मृतक के पिता की तरफ से कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
खजुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मलकी में सोमवार को बरात आई थी। शाम करीब चार बजे दुल्हन की विदाई हो रही थी। दुल्हन को विदा करने के लिए दूल्हा कार से दुल्हन के दरवाजे पर पहुंचा था। इस दौरन गांव की तमाम महिलाएं विदाई के कार्यक्रम को देख रहीं थीं। गांव निवासी नईम की पत्नी भी अपने तीन वर्षीय इकलौते पुत्र अल्तमस को लेकर विदाई देखने के लिए गई थी। विदाई देखने के चक्कर में महिला ने अपने पुत्र को अपनी गोद से नीचे जमीन पर उतार दिया। आरोप है कि बालक अचानक दूल्हे की कार की चपेट में आ गया, इससे वह गंभीर रुप से रुप से घायल हो गया। कार के नीचे बालक आते ही लोगो़ं ने शोर मचा दिया। इस दौरान चालक कार को छोड़कर भाग गया। बालक को आनन फानन में कार के नीचे से गंभीर हालत में बाहर निकालकर नगर के सीएसची लाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बालक को गंभीर हालत में तुरंत ही जिला अस्पताल रेफर कर दिया, मगर परिजन उसे रुद्रपुर के एक अस्पताल ले गए। रुद्रपुर के अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बालक की मौत से पूरे घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी अशेेक कुमार कांबोज ने कार को कब्जे में कर लिया।