अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)। पुलिस थाना घुमारवीं के तहत आने वाले घुमाणी चौक पर बुधवार सुबह बाइक-कार के बीच टक्कर हो जाने से बाइक में सवार दंपति घायल हो गया है। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार घुमाणी चौक के पास घुमारवीं-बिलासपुर रोड पर मारुति कार नंबर (एचपी28ए-0455) व मोटरसाइकिल (एचपी74 8497) के बीच जोरदार टक्कर हो गई। मोटरसाइकिल पर सवार दंपति कही जा रहा था। टक्कर के बाद दंपति सड़क पर जा गिरा जिससे उन्हें चोटें आ गई। घटना के बाद स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। इसकेे बाद घायलों को इलाज के लिए बिलासपुर ले जाया गया।
घायलों में मोटरसाइकिल चालक राज कुमार सुपुत्र जगदीश गांव खत्रवाड़ा डाकघर टिक्करी तहसील भोरंज जिला हमीरपुर और उसकी पत्नी किरण कुमारी को चोटें आई हैं। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया है। घुमारवीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। एसपी बिलासपुर अशोक कुमार ने बताया कि घुमारवीं में सड़क हादसे का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस जांच कर रही है।