सेमरियावां। दुधारा क्षेत्र के बीमएसीटी मार्ग से सटे दरियाबाद बाग में बुधवार की शाम को एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला। सूचना पर डायल 100 की टीम पहुंच गई।
पुलिस टीम ने उसे सीएचसी सेमरियावां में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख कर उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
डायल 100 नंबर के कांस्टेबल जनार्दन प्रसाद व होमगार्ड जयप्रकाश ने बताया कि वे लोग क्षेत्र में दो पहिया वाहन से गशत कर रहे थे। गश्त के दौरान सड़क के बगल में एक अधेड़ व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा दिखाई दिया।
बगल में दो पहिया वाहन गिरा था। कांस्टेबल ने बताया कि कोई दुर्घटना समझ वे लोग उसके पास पहुंचे। मौके पर देखा कि अधेड़ व्यक्ति के मुंह से झाग निकल रहा है, बगल में पॉलिथीन बंधी शीशी मिली। दोनों सिपाहियों ने अचेत अवस्था में सीएचसी सेमरियावां में भर्ती कराया।
चिकित्सक राजेश कुमार चौधरी ने बताया कि कीटनाशक पीने से उसकी हालत खराब हो गई है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। उसकी हालत ठीक न होने से जिला अस्पताल से गोरखपुर रेफर कर दिया।
सिपाहियों ने सीएचसी सेमरियावां में भर्ती व्यक्ति की तलाशी ली तो उसकी जेब से आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड पर अबू लैश पुत्र अजीजुर्रहमान ग्राम कासिम पुरा मऊनाथ भंजन जिला मऊ लिखा था।
पुलिस ने नाम पता पूछा तो उस अपना नाथ भुट्टो बताया व अन्य नाम अधार कार्ड से मैच कर रहा था। सिपाहियों की पूछताछ में अबू लैश ने बताया कि वह बांसी रोडवेज के पास पिछले कई वर्षों से कपड़े का धंधा करता है।
कपड़े के धंधे में बड़ा घाटा हुआ और वह कर्जदार हो गया। व्यापारी कर्ज वापस करने के लिए आए दिन दबाव बनाने लगे। कर्ज से आजिज आकर जहर खाकर जान देने का फैसला कर लिया।