बरमाणा (बिलासपुर)। अल्ट्राटेक कंपनी के अकाउंट मैनेजर की सिर कटी लाश मिलने के बाद हुई जांच पर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लाश मिलने के एक सप्ताह बाद भी अभी तक सिर क्यों नहीं मिल पाया है? ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले को लेकर प्रदर्शन करेंगे।
गौरतलब है कि 13 फरवरी को अल्ट्राटेक कंपनी का अकाउंट मैनेजर कठपोल टिब्बा शिव मंदिर गया था। लेकिन वह शाम को वापस घर नहीं पहुंचा। उसकी तलाश में ड्रोन और डॉग स्क्वायड को भी लगाया गया था। लेकिन, उसका पता नहीं चला। बाद में गद्दियों ने वहां पर उसकी लाश देखी थी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी। लाश करीब सात दिनों बाद जंगल में मिली थी। ग्रामीणों वार्ड मेंबर चेतराम, गोपाल, रत्न लाल, अमरजीत, तेज सिंह, राकेश कुमार, धनीराम का कहना है कि यह सीधे तौर पर हत्या का मामला है। अगर पुलिस ने सही तरीके से मामले की जांच नहीं की तो आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि वह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कदम उठाएंगे।
बाग्गा थाना प्रभारी देशराज गुलेरिया का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है।