अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत कपाहड़ा में शुक्रवार दोपहर बाद कथित तौर पर अचानक बिजली की ज्यादा वोल्टेज आने से कुछ उपभोक्ताओं के बिजली उपकरण जल गए। यही नहीं आधे गांव में पूरी रात भर अंधेरा पसरा रहा। बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं बिजली बोर्ड अधिकारियों को इस बारे में कोई भी जानकारी ही नहीं थी।
स्थानीय लोगों ने कहा कि अचानक बिजली की वोल्टेज बढ़ने से बिजली उपकरण जल गए हैं। शुक्रवार दोपहर बाद बिजली की वोल्टेज काफी ज्यादा बढ़ गई जिससे आधा दर्जन घरों के ट्यूब लाइटें, टीवी, फ्रिज की वायर भी जल गई।
लोगों ने बताया कि अचानक बढ़े वोल्टेज से मोबाइल चार्जर बिजली के प्लग से जलकर दूर जा गिरे। यही नहीं रंगीन टीवी भी जल गए हैं। इसके साथ गांव के कुछ लोगों के घर पर ट्यूब लाइटें फूंक र्गइं तथा फ्रिज सहित टीवी भी जलकर खराब हो गए। लोगों ने बताया कि बिजली उपकरणों के जलने से उनको हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। लोगों ने बिजली बोर्ड अधिकारियों से अचानक वोल्टेज घटने-बढ़ने को रोककर सुचारु करने का आग्रह किया है जिससे उपभोक्ताओं के बिजली से चलने वाले उपकरणों को जलने से बचाया जा सके।
मामला ध्यान में नहीं
मेरे ध्यान में मामला नहीं है। एसडीओ को भी इस बारे पूछा गया लेकिन उन्हें भी इस बारे पता नहीं है। पता करके ही कुछ बताया जा सकता है।-अनिल सहगल, एक्सईएन घुमारवीं।