शाहतलाई (बिलासपुर)। चैत्र मास मेलों में आईआरबी बटालियन बनगढ़ ऊना से ड्यूटी पर आए पुलिस कर्मी के साथ एक युवक ने मारपीट की। इस संदर्भ में पुलिस थाना तलाई में मामला दर्ज हुआ है। शिकायत में पुलिस कर्मी ने बताया कि युवक ने उसकी वर्दी तक फाड़ दी।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार मुख्य चौक शाहतलाई में मेले के दौरान एक पुलिस कर्मी ड्यूटी दे रहा था। एक युवक ने पुलिस कर्मी से मारपीट की। वर्दी पर हाथ डालने और धमकाने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने युवक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 353, 332, 504, 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
इसकी पुष्टि घुमारवीं पुलिस उप अधीक्षक राजेंद्र कुमार जसवाल ने की है। उन्होंने बताया कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी के साथ मारपीट का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।