अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। पीओ सेल बिलासपुर की टीम ने अवैध खनन मामले में कोर्ट से फरार चल रहे भगोड़े को पकड़ा है। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी भगोड़े को हमीरपुर के लदरौर से पकड़ा है। आगामी कार्रवाई के लिए उसे भराड़ी थाना के हवाले कर दिया गया है। उसे कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भराड़ी थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ 20-12- 2008 को इलाके में गश्त पर थी। इस दौरान वह ऊपरली भराड़ी की तरफ जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर को रुकने का इशारा किया। जब ट्रैक्टर को रोका तो उसके अंदर खड्ड से पत्थर लाद कर लाए गए थे।
पुलिस ने जब ट्रैक्टर चालक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम सुधीर कुमार साहनी पुत्र छेदी सहानी, गांव कोर्यू, डाकघर बेनीपुर, जिला दरभंगा (बिहार) बताया। जब पुलिस ने ट्रैक्टर चालक से पत्थर ले जाने के लिए कागजात व ट्रैक्टर की आरसी मांगी तो चालक कुछ भी नहीं दे पाया। इस पर चालक के खिलाफ भराड़ी थाना में माइनिंग एक्ट, मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामला ट्रायल के लिए जेएमआईसी कोर्ट-दो घुमारवीं में चला। कोर्ट की तरफ से आरोपी को बार-बार पेशी में हाजिर होने के लिए समन आते रहे लेकिन वह पेशी में नहीं पहुंच रहा था। इस पर कोर्ट ने 18-3-2014 को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया।
पीओ सेल बिलासपुर की टीम को उसे पकड़ने की जिम्मेवारी सौंपी गई। टीम को गुप्त सूत्रों से पता चला कि वह बिहार वापस चला गया है। टीम ने उसे पकड़ने के लिए गुप्तचर फैला दिए। बाद में टीम को सूचना मिली की साहनी हमीरपुर जिला के लदरौर में देखा गया हैं। पीओ सेल के इंचार्ज एचसी दौलत राम, आरक्षी राजकुमार व रवि गौतम उसे पकड़ने के लिए रवाना हो गए। इसके बाद 18 जनवरी को उसे लदरौर से पकड़ लिया गया। टीम ने आगामी कार्रवाई के लिए उसे भराड़ी थाना के हवाले कर दिया है।
एसपी बिलासपुर अशोक कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-------------------