भगेड़ (बिलासपुर)। घुमारवीं क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत पट्टा में बाहरी राज्य से पहुंचे कुछ युवक लोगों को गैस सिलेंडर जांच के नाम पर चूना लगाने में जुटे हैं। उक्त युवक लोगों से इसकी एवज में 150 से लेकर 160 रुपये तक वसूल कर रहे हैं। जब गांव के लोगों ने युवकों से कंपनी का प्रमाण पत्र मांगा तो युवक नहीं दिखा पाए।
कुछ युवक मौके से भाग गए। ग्रामीणों ने पुलिस को भी सूचना दे दी है। जानकारी अनुसार करीब पांच युवक गांव बॉडी करंगोडा में पूर्व विधायक कर्मदेव धर्माणी के घर पहुंचे। जहां युवकों ने गैस सिलेंडर की जांच करने की एवज में 150 रुपये की डिमांड की। धर्माणी ने उनसे गैस कंपनी का प्रमाण पत्र मांगा तो तीन युवक वहां से भाग गए। जबकि दो युवक कोई भी प्रमाण पत्र नहीं दिखा सके।
उधर, डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि उन्हें इस बारे जानकारी मिली है। स्थानीय थाना प्रभारी शेर सिंह को छानबीन करने के आदेश दिए हैं।