अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। शहर के लुहणू मैदान के समीप गोबिंदसागर झील में एक अज्ञात युवक का शव पानी में तैरता हुआ मिला। सोमवार सुबह के समय स्थानीय लोगों को झील में शव तैरता हुआ दिखाई दिया जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
पुलिस की टीम ने आकर स्थानीय लोगों की मदद से शव को झील से बाहर निकाला लेकिन शव पूरी तरह से पानी से भरा हुआ था। इसके चलते पुलिस को अभी तक शव की पहचान नहीं हो पा रही है। पुलिस के अधिकारी बतातेें हैं कि शव युवक का है और युवक की उम्र लगभग 28 से 30 साल के बीच है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाने के लिए जिला अस्पताल में भेज दिया गया है। शव के शरीर में किसी प्रकार की चोट का कोई निशान नहीं है।
उल्लेखनीय है कि अभी दो दिन पहले ही एक युवक का शव भी झील से बरामद हुआ था जिसके चलते पुलिस ने झील के किनारों की गश्त करना भी शुरू कर दी थी। आंकड़ों के अनुसार अभी तक बिलासपुर जिला में एक माह के भीतर दो से तीन शव झील से मिल चुके हैं। इसके चलते पुलिस प्रशासन भी अब सतर्क हो गया है। पुलिस ने लुहणू मैदान, नाले के नौण, चांदपुर पुल व अन्य पानी के स्थानों वाली जगह में गश्त करना शुरू कर दिया है।
उधर, सदर थाना प्रभारी योगराज चंदेल का कहना है कि शव की पहचान नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के मुख्य कारणों का पता लग पाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
-