समय सारणी को लेकर आपस में भिड़े चालक-परिचालक
एक निजी बस ऑपरेटर के बयान पर घुमारवीं थाना में दर्ज हुआ मामला
अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)। पुलिस थाना घुमारवीं के तहत आने वाले दकड़ी चौक पर समय सारणी को लेकर बस चालकों व परिचालकों में बहसबाजी हो गई। बहसबाजी इतनी बढ़ी कि चालक व परिचालक आपस में ही भिड़ गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मामले को शांत किया। एक निजी बस के मालिक ने घुमारवीं थाना में मामला दर्ज करवा दिया है।
जानकारी के अनुसार दो निजी बसें घुमारवीं से बिलासपुर जा रही थी। इन दोनों बसों के कर्मचारियों के बीच समय सारणी को लेकर तनातनी हो गई। ये लोग दकड़ी चौक पर आपस में भिड़ गए। स्थानीय लोग मौका पर एकत्रित हो गए तथा मामले को शांत किया। एक निजी बस के मालिक ने पुलिस थाना घुमारवीं में शिकायत दर्ज करवा दी।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इस बस के चालक और परिचालक ने गलत समय पर बस को दकड़ी चौक पर रोका तथा उनकी बस से सारी सवारियों को उतार लिया। जब उन्हें ऐसा करने से रोका तो उसके साथ गाली-गलौज की गई तथा धमकियां भी दी गईं।
डीएसपी घुमारवीं राजेंद्र कुमार जसवाल ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 341 व 504 के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।
------------
...सुरेंद्र जम्वाल।