अमर उजाला ब्यूरो
नयना देवी(बिलासपुर)। मंगलवार दोपहर श्रीनयना देवी में पुलिस चौकी के पास संस्कृत महाविद्यालय के विद्यार्थियों के दो गुटों में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। जो बाद में दो गुटों की लड़ाई में बदल गई। इस वारदात में तीन युवक घायल हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार यह विवाद गत दिवस कुछ विद्यार्थियों के बीच हुआ था, जिसका गत दिवस ही आपस में समझौता हो गया था लेकिन एक गुट ने नालागढ़ से अपने जान पहचान के 10 से 15 युवाओं को बुला लिया तथा मंगलवार को पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर दो तीन लड़के जब खाना खा कर आ रहे थे तो उन पर हमला बोल दिया।
नालागढ़ से आए युवाओं ने उन दोनों छात्रों पर लात घूंसों, ईंट, ग्रीप तथा चैनों से हमला कर घायल कर दिया। इस मारपीट में अश्वनी, संचित शर्मा तथा रमण घायल हुए बताए जा रहे हैं जिन्हें पुलिस मेडिकल के लिए घवांडल अस्पताल में ले गई है।
हालांकि मारपीट की सूचना मिलते ही एएसआई सुभाष चंद अपनी टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए थे। उनको देख युवा मौके से भाग निकले। जबकि दो युवाओं को पुलिस ने पकड़ लिया जिनसे पूछताछ की जा रही है। डीएसपी श्रीनयना देवी मनोहर लाल ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मारपीट करने वाले दो युवाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है।
...