स्वारघाट (बिलासपुर)।
चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर स्वारघाट के समीप पंजपीरी नामक स्थान में शुक्रवार रात दो ट्रकों की टक्कर के बाद एक ट्रक पलट गया। इससे सड़क जाम हो गई। हाईवे पर पलटे ट्रक में कोयला लदा हुआ था। ट्रक का चालक बाल बाल बच गया लेकिन हाईवे पर दो घंटे तक जाम लगा रहा जिसे बाद में पुलिस ने खुलवाया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब डेढ़ बजे स्वारघाट पुलिस थाना को सूचना मिली थी कि धारकांशी स्थान में एक ट्रक ने दूसरे ट्रक को टक्कर मार दी है। जिस कारण टक्कर मारने वाला पंजाब का ट्रक नंबर (पीबी 4एए-0649) सड़क पर पलट गया है।
जिस कारण यातायात प्रभावित हो रहा था। जबकि दूसरे ट्रक (एचपी 11ए-1455) का ट्रक की टक्कर से बहुत नुकसान हुआ बताया जा रहा है। पंजाब का ट्रक गुजरात से कोयला लादकर बिलासपुर की तरफ जा रहा था। स्वारघाट थाना से हेड कांस्टेबल रतल लाल की अगुवाई में पुलिस की टीम दुर्घटनास्थल पर पहुंच गई।
पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर राहत व बचाव करते हुए यातायात बहाल करवाया व पंजाब के ट्रक चालक निर्मल सिंह निवासी सरबा बोतलां डाकघर मल्होट मंडी जिला मुक्तसर पंजाब को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्वारघाट में प्राथमिक उपचार करवाया गया।
बताया जा जा रहा है कि पंजाब के ट्रक चालक को ट्रक पलटने से मामूली चोटें आई हैं। जिसे कुछ देर बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उपमंडल पुलिस अधिकारी नयना देवी जी मनोहर लाल ने कहा कि दूसरे ट्रक को टक्कर मारने वाले पंजाब राज्य के ट्रक चालक निर्मल सिंह के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज करके दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर छानबीन की जा रही है।