घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं के तल्याणा पंचायत के तल्याणा गांव में शाम करीब 5:30 बजे बिजली गिरने से एक स्लेटपोश गोशाला जलकर राख हो गई। आग लगने से गोशाला के अंदर रखा सामान जल गया है। जबकि ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद मवेशियों को गोशाला से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार मथुरा दास पुत्र महंतराम की दोमंजिला गोशाला में बिजली गिरने से आग लग गई। गांव के लोगों ने गोशाला में बंधे पशुओं को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। लेकिन, पशुचारा और लकड़ी आग की भेंट चढ़ गई। ग्राम पंचायत उपप्रधान रमेश चंद ने बताया कि पीड़ित परिवार बहुत गरीब है, इस आग से करीब दो लाख का नुकसान हुआ है।
पंचायत प्रधान बलिराम ने कहा कि हलका पटवारी और प्रशासन को सूचित कर दिया गया है। पीड़ित परिवार ने बताया कि उन्होंने गोशाला में दो भैंसें और एक बैल की जोड़ी थी। जिन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया। पंचायत प्रधान का कहना है कि बिजली गिरने से गोशाला में आग लगी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।