स्वारघाट (बिलासपुर)। चुनाव आयोग की फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने पंजाब-हिमाचल की सीमा पर स्थित गरामोड़ा बैरियर पर पंजाब की पिकअप से 2.89 लाख से ज्यादा की नकदी बरामद की है। नकदी को चुनाव आयोग ने अपने कब्जे में ले लिया है। चालक इस नकदी के संबंध में कोई भी कागजात टीम को नहीं दिखा पाया। अब यह नकदी चुनावों तक चुनाव आयोग की कस्टडी में रहेगी। उपमंडल स्वारघाट एवं श्रीनयनादेवी विधानसभा के निर्वाचन अधिकारी चेत सिंह ने मामले की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब एक बजे निर्वाचन आयोग एवं स्वारघाट प्रशासन की फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने स्वारघाट से दस किलोमीटर दूर गरामोड़ा बैरियर पर नाका लगाया था। रोहित गुप्ता की अगुवाई में वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। देर रात एक बजे पंजाब की एक पिकअप नंबर पीबी 03 एएच-9409 को चेकिंग के लिए रोका गया। गाड़ी में चालक बहादुर सिंह और रिपू सिंह पुत्र जगराज सिंह वार्ड-3 सरदूलगढ़ मानसा थे। जब गाड़ी की तलाशी ली गई तो 2 लाख 89 हजार 940 रुपये की नकदी बरामद हुई। चालक नकदी के संबंध में कोई कागजात नहीं दिखा पाया। इस कारण नकदी को जब्त कर लिया गया। चुनाव आयोग की प्लाइंग स्क्वायड नंबर-दो की टीम में अधिकारी रोहित गुप्ता के साथ एएसआई गुरमेल सिंह, आरक्षी चमन लाल व मनोज कुमार, पवन कुमार व वीडियोग्राफर प्रवीण कुमार शामिल रहे। चेत सिंह ने बताया कि बरामद कैश के बारे में उक्त वाहन में सवार पंजाब निवासी कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाया। नकदी को जब्त कर लिया गया है।