अमर उजाला ब्यूरो
शाहतलाई (बिलासपुर)। थाना तलाई के तहत एक नाबालिग के साथ दुराचार करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। नाबालिग के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। नाबालिग का मेेडिकल करवाया जा रहा है।
जानकारी अनुसार बरठीं क्षेत्र के दून के रहने वाले 31 वर्षीय युवक पर नाबालिग के साथ दुराचार करने का आरोप है। महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी 29 जुलाई को झंडूता कॉलेज गई थी। जब वह घर लौट रही थी तो दून क्षेत्र के रहने वाला एक युवक उनकी बेटी को अपनी नैनो कार में बिठाकर कसारू ले गया। जहां उसने जबरन दुराचार किया और बाद में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। घर पहुंचकर उसने परिजनों को आपबीती सुनाई। पुलिस थाना शाहतलाई में आरोपी युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
उधर, घुमारवीं के डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 376, 342, 506 व 34 और पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।