अमर उजाला ब्यूरो
स्वारघाट (बिलासपुर)।
बबखाल सड़क पर पुल के पास एक निजी बस की चपेट में आने से महिला घायल हो गई। महिला को इलाज के लिए पंजाब के आनंदपुर साहिब के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस के पास मामला दर्ज नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार जीतो देवी निवासी गांव नरली थाना स्वारघाट दोपहर के समय बबखाल पुल के समीप सड़क किनारे खड़ी थी। पुल पर एक निजी बस स्वारघाट से बबखाल रूट पर जा रही थी। सामने से आ रहे वाहन को पास देने के लिए बस को पीछे करते समय अचानक जीतो देवी चपेट में आ गई। महिला की टांग में गहरी चोट आई है। निजी बस चालक ने घायल महिला को तुरंत उपचार के लिए आनंदपुर साहिब के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया।
पुलिस थाना स्वारघाट के थाना प्रभारी राजेश पराशर ने बताया कि पुलिस में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।