झंडूता (बिलासपुर)। झंडूता पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बेहरन झरेड़ी गांव में अवैध शराब की 112 पेटियां पकड़ी हैं। आरोपी फरार हो गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ झंडूता थाना में मामला दर्ज कर लिया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने झंड़ता के बेहरन झरेड़ी गांव में भारी मात्रा में अवैध शराब पकड़ी है। थाना प्रभारी संजय कुमार अपनी टीम एएसआई संतोष कुमार, कांस्टेबल बंशी राम और गृहरक्षक पवन कुमार के साथ शनिवार सुबह झंडूता क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बेहरन झरेड़ी गांव में एक गोशाला में शराब का अवैध धंधा किया जा रहा है। पुलिस टीम ने गोशाला को घेर लिया, लेकिन मौके का फायदा उठाते हुए आरोपी वहां से फरार हो गया। पुलिस ने अवैध शराब की 112 पेटियां पकड़ी हैं। अंग्रेजी शराब की 555 मार्का की 100 पेटियां, राजधानी फॉर सेल चंडीगढ़ की 7 पेटियां और देसी शराब संतरा मार्का की 5 पेटियों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी दुनी चंद गांव झरेड़ी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी ने गोशाला को कई महीनों से तीन सौ रुपये महीने पर किराये पर ले रखा था। पुलिस ने 39(1) एक्साइज एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पुलिस उप अधीक्षक मुख्यालय संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ गश्त बढ़ा दी है। पुलिस ने बेहरन झरेड़ी गांव में गुप्त सूचना मिलते ही दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध शराब पकड़ी है। आरोपी को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।