भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना के तहत बम्म पंचायत के जोल गलाही के 24 वर्षीय अभिनव की हत्या के मामले में गिरफ्तार दोनों युवकों से पूछताछ जारी है। हत्या में शामिल आरोपी अमीं चंद पर पहले भी कई संगीन आरोप लग चुके हैं। करीब एक वर्ष पहले क्षेत्र के एक अन्य युवक के साथ दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लग चुका है।
किसान सभा बम्म के प्रधान अनंतराम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अमींचंद पर पहले भी कई संगीन आरोप लग चुके हैं। करीब एक वर्ष पहले क्षेत्र के एक युवक ने बताया था कि अमींचंद ने दुष्कर्म का प्रयास किया था। इसकी शिकायत पंचायत में की गई थी। अमींचंद ने युवक को इस बात का जिक्र नहीं करने की धमकी दी थी। उक्त पीड़ित युवक डर के मारे पंचायत के सामने मुकर गया था। अनंतराम ने बताया कि अमींचंद की मां की मौत भी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। लोगों को शक था कि अमींचंद ही अपनी मां की मौत के लिए जिम्मेदार है। कुछ समय पहले क्षेत्र के एक फौजी व्यक्ति की मौत हुई थी। इस मामले में भी अमींचंद का नाम सामने आया था। बाद में इसे ट्रैक्टर दुर्घटना का नाम दे दिया गया था।
किसान सभा बम्म के प्रधान अनंतराम ने कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन को भी अमींचंद खुलेआम बिना डर से अंजाम देता रहा है। कई बार इसका नाम प्रशासन के समक्ष जाहिर किया था। लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। अनंतराम ने कहा कि अगर प्रशासन समय रहते अवैध खनन को बंद करवा देता तो गरीब परिवार का बेटा आज इस दुनिया में होता। बम्म पंचायत प्रधान अंजना धीमान ने बताया कि करीब एक साल पहले अमींचंद के खिलाफ एक युवक की तरफ से ऐसा मामला पंचायत में लाया गया था। लेकिन जब पंचायत ने इस मामले में छानबीन की तो उक्त युवक पंचायत के सामने मुकर गया था। इस कारण कोई कार्रवाई नहीं हो पाई थी।