बिलासपुर/शाहतलाई। 33 करोड़ के गोलमाल के लिए बहुचर्चित तलाई सहकारी सभा के एक कर्जदार का शव उसकी टैक्सी में मिला है। बताया जा रहा है कि मृतक दो दिन से घर से गायब था। घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी बिलासपुर संजय शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना का जायजा लिया। वहीं पुलिस ने इस संदर्भ में तलाई थाना में केस दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार तलाई पुलिस थाना के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत मलांगण के समीप शाहतलाई-बिलासपुर सड़क पर एक टैक्सी में व्यक्ति का शव मिला। मृतक की पहचान झबोला ग्राम पंचायत के टैक्सी चालक सुरेंद्र कुमार पुत्र प्रेम सिंह के रूप में हुई है। झबोला पंचायत के पूर्व उपप्रधान और मृतक के भाई महेंद्र सिंह ने बताया कि उसका भाई टैक्सी चालक था। 26 सितंबर शाम को उसे कोई फोन आया तथा वह अपनी गाड़ी लेकर चला गया। परिजनों ने सोचा कि कोई सवारी होगी। फोन पर परिजनों से सुरेंद्र की बात होती रही। लेकिन मंगलवार सुबह जब सुरेंद्र से संपर्क साधने की कोशिश की तो मोबाइल बंद आया। इस पर उन्हें शक हुआ और तलाई पुलिस थाना में सुरेंद्र कुमार की गुमशुदगी का शिकायत पत्र दिया।
डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि मंगलवार करीब 11:30 बजे को तलाई थाना में मलांगण के पंचायत प्रधान ने सूचना दी कि एक गाड़ी सड़क किनारे खड़ी है। उसमें एक व्यक्ति है जो प्रथम दृष्टया मृत प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस का एक दल घटनास्थल पर पहुंचा। देखा कि गाड़ी झबोला के सुरेंद्र कुमार की है। गाड़ी में उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने आईपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज करके शव को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
इनसेट
बताया जा रहा है कि मृतक के नाम सहकारी सभा तलाई में करीब 10 लाख का ऋण था। वहीं यह भी बताया जा रहा है कि मृतक ने सभा से सिर्फ एक लाख ही ऋण लिया था। मृतक का नाम सहकारी सभा की डिफाल्टर सूची में है। हालांकि अभी सहकारी सभाएं बिलासपुर के अधिकारी इस मुद्दे पर बात करने से परहेज कर रहे हैं। सभा का कार्यभार संभाल रहे राकेश कुमार ने बताया कि इस बात की पुष्टि कागजात चेक करने के बाद ही कर सकेंगे।