स्वारघाट में पकड़े गए चिट्टा आरोपी के साथ पुलिस टीम।
- फोटो : BILASPUR
स्वारघाट(बिलासपुर)। जिला बिलासपुर पुलिस की एसआईयू टीम ने स्वारघाट चौक पर मंगलवार देररात नाके के दौरान चिट्टे के मुख्य सरगना को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से 8.88 ग्राम चिट्टा पकड़ा गया। आरोपी एचआरटीसी की बस में सफर कर रहा था। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रही है। युवक की पहचान सुशील कुमार 22 पुत्र राजेश कुमार गांव पट्टा डाकघर नसवाल तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार एसआईयू बिलासपुर की टीम प्रभारी सुरेंद्र कुमार, प्रदीप ठाकुर, बाबू राम ने मंगलवार को देर रात स्वारघाट चौक पर नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान टीम ने स्वारघाट चौक पर एचआरटीसी की चंडीगढ़ से बिलासपुर जा रही बस को चेकिंग के लिए रोका। चेकिंग के दौरान सीट नंबर 9 पर बैठा सुशील कुमार पुलिस को देख कर घबरा गया। पुलिस ने संदेह के आधार पर जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास 8.88 ग्राम चिट्टा मिला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं चिट्टे को भी कब्जे में ले लिया। पकड़े गए आरोपी पर पहले भी एनडीपीएस का केस चला हुआ है।
आरोपी पर यह दूसरा मामला एनडीपीएस का दर्ज हुआ है। उल्लेखनीय है कि बिलासपुर जिले में आए दिन चिट्टे के मामले पकड़े जा रहे हैं। पिछले कुछ सालों में जिला चिट्टे के कारोबार का एक बड़ा अड्डा बना हुआ है। अभी तक पुलिस करोड़ों रुपये का चिट्टा पकड़ चुकी है लेकिन उसके बाद भी कारोबार में कोई कमी नजर नहीं आ रही है।
डीएसपी श्री नयना देवी जी संजय शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 तहत पुलिस थाना स्वारघाट में मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
.