स्वारघाट(बिलासपुर)। गत सप्ताह 6 मार्च को उपमंडल स्वारघाट की ग्राम पंचायत खरकड़ी के कार्यालय में चोरी हुए सामान को नयना देवी पुलिस ने बरामद कर लिया है। हालांकि इस संबंध में अज्ञात चोर पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके हैं लेकिन पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोर सलाखों के पीछे होगा। पुलिस जल्द ही इस संबंध में कोई बड़ा खुलासा कर सकती है। अंदेशा लगाया जा रहा है कि चोर को अपने पकड़े जाने का डर हो गया था जिसके चलते उसने सामान को पंचायत घर के पास बनी पुलिया में फेंक दिया।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार छह मार्च की रात को अज्ञात चोरों ने ग्राम पंचायत खरकड़ी के कार्यालय में चोरी को अंजाम दिया था और लोहे की रॉड से पंचायत कार्यालय के दरवाजे को कुंडे व ताले सहित उखाड़ कर कार्यालय से प्रिंटर, लैपटॉप, एलईडी कंप्यूटर व पिल्लर हीटर चुरा ले गए थे तो वहीं पंचायत रिकॉर्ड की कुछ फाइलें भी मौके से गायब थीं।
इस संबंध में पंचायत सचिव जसबीर कौर की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना कोट में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। इस संबंध में शुक्रवार देर शाम को पुलिस चौकी नयना देवी की टीम ने खरकड़ी गांव के पास सड़क में बनी पुलिया के नीचे चोरी हुए सामान सीपीयू, प्रिंटर व हीटर को बरामद कर लिया गया है। जबकि लैपटॉप ग्राम पंचायत खरकड़ी के कार्यालय में ही अलमारी में पहले मिल चुका है।
डीएसपी नयना देवी संजय शर्मा ने कहा कि खरकड़ी पंचायत कार्यालय से चोरी हुआ सामान सड़क की पुलिया के नीचे से बरामद हुआ है। चोरों की तलाश जारी है।
.