बरमाणा(बिलासपुर)। जिला पुलिस की सुरक्षा शाखा ने नाके के दौरान दो युवकों से चिट्टा और चरस बरामद की है। हालांकि आरोपियों ने मौके पर से भागने का प्रयास भी किया जिस चक्कर में उन्होंने अन्य गाड़ियों को टक्कर भी मारी लेकिन वह भागने में सफल नहीं हो पाए।
पुलिस ने छानबीन के दौरान आरोपियों के पास से 5.60 ग्राम चिट्टा और 20.79 ग्राम चरस पकड़ी है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पकड़े गए दोनों आरोपी बिलासपुर जिला से संबंध रखते हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने जब्बल पुल के पास नाका लगा रखा था। इस दौरान पुलिस हर आने जाने वाले की गाड़ियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की ऑल्टो कार नंबर एचपी 24सी 2637 रानीकोटला की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही थी। पुलिस नाका देख कर कार चालक घबरा गया। पुलिस ने कार को चेकिंग के लिए रोका। हालांकि इस मौके पर भी चालक ने गाड़ी को मौके पर से भगाने का प्रयास किया जिस चक्कर में उसने अन्य गाड़ियों को भी टक्कर मार दी। चेकिंग के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से चिट्टा और चरस मिली।
पकड़े गए आरोपी की पहचान चालक धीरज सोनी पुत्र राजेश निवासी मेन मार्केट बिलासपुर, जबकि दूसरे आरोपी की पहचान अंश रसगोत्रा पुत्र पुरुषोत्तम लाल उम्र 20 वर्ष निवासी रौड़ा सेक्टर के रूप में हुई है। नाके के दौरान सुरक्षा शाखा टीम के प्रभारी संजीव पुंडीर, एचएससी केवल किशोर, आरक्षी चंचल और राकेश कुमार मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि आरोपी शहर में चिट्टे की सप्लाई करने का काम करते थे। हालांकि पुलिस अभी पकड़े गए आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि उक्त दोनों से पुलिस को बड़ी जानकारियां मिलेंगी।
एसपी बिलासपुर दिवाकर शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर नशे की सामग्री और गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।