शाहतलाई(बिलासपुर)। तलाई पुलिस थाने में घंढीर पंचायत के गांव बैहल की एक महिला ने अपनी देवरानी पर गाली गलौच व उल्टे दराट से हमला करने से घायल करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने प्राथमिकता के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार महिला ने पुलिस को शिकायत दी है कि वह अपने घर के समीप पशुचारे के लिए पेड़ की टहनियां काट रही थीं कि तभी अचानक उसकी देवरानी भी वहां आ गई। वहीं महिला की देवरानी महिला के साथ झगड़ा करने लगी और उसे गालीगलौज करने लगी। महिला पीड़िता के साथ धक्का मुक्की पर उतर आई। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो उसने अपने हाथ में पकड़े दराट के उल्टे भाग से वार कर दिया जिससे महिला को चोटें आई हैं। पीड़िता ने भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने महिला की शिकायत पर भादंसं की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करके आगामी कार्रवाई अमल में लाना शुरू कर दी है।
इधर घुमारवीं के डीएसपी राजेंद्र जसवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तलाई पुलिस थाने में क्षेत्र की घंढीर पंचायत के गांव बैहल में जेठानी ने देवरानी पर मारपीट करने की शिकायत करवाई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।