श्री नयना देवी में ठंडे मौसम के बावजूद मां के दर्शन करने पहुंचे लोग।
- फोटो : BILASPUR
नयना देवी जी (बिलासपुर)। विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी में मंगलवार को ठंडे मौसम के बावजूद काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने यहां पर हवन यज्ञ, पूजा-पाठ भी किया। कन्या पूजन करके अपने घर परिवार के लिए सुख समृद्धि की कामना की।
ठंड के कारण मंगलवार सुबह से श्रद्धालुओं की संख्या कम रही लेकिन दोपहर तक श्रद्धालुओं की संख्या माता के मुख्य द्वार के समीप पहुंच गई। मंदिर में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने लाइनों में ही श्रद्धालुओं को माता के दर्शन करवाए। दोपहर के समय मंदिर न्यास के अधीक्षक रामकृष्ण शर्मा ने मंदिर व्यवस्था का जायजा भी लिया।
हालांकि सुबह-शाम श्री नयना देवी में ज्यादा ठंड रहती है जिस कारण सुबह और शाम श्रद्धालुओं की संख्या में कमी रहती है। दोपहर के समय श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है। स्थानीय दुकानदार अजय कुमार गोल्डी और प्रदीप का कहना है कि व्यापार की दृष्टि से जनवरी और फरवरी महीने तक अभी मंदी का दौर रहेगा। कहा कि मार्च महीने से श्रद्धालुओं का जमावड़ा माता के दरबार में लगेगा और व्यापारिक तौर पर मंदी का दौर भी खत्म हो जाएगा।