बड़ोह में दीपावली की रात जली दुकान का बाहर फेंका हुआ सामान
- फोटो : BILASPUR
श्रीनयना देवी जी(बिलासपुर)। दीपावली की रात को श्रीनयना देवी के गांव बड़ोह में एक दुकान में आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया। लोगों ने मिलकर आग पर पानी फेंक कर काबू पाया लेकिन तब तक दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया था। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दीपावली की रात श्रीनयना देवी के गांव बड़ोह में
अचानक किरयाना की दुकान में आग लग गई जिससे कि आसपास के घरों में हड़कंप मच गया। अफरा-तफरी में आसपास के लोगों ने इकट्ठा होकर आग पर पानी फेंका लेकिन दुकान में पटाखे होने की वजह से आग ने दुकान पर अपनी पकड़ बना ली और दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया। मिली जानकारी के अनुसार यह दुकान रणजीत सिंह निवासी बडोह की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि रणजीत सिंह ने अपनी दुकान में किरयाना का सामान रखा था। वहीं दुकान में पटाखे आदि भी रखे थे।
जानकारी के अनुसार रात को कोई जलता हुआ पटाखा किरयाना स्टोर में गिरा और देखते ही देखते दुकान का सारा सामान जल गया। रणजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि दुकान में लगभग 7 लाख का सामान था जो आग की भेंट चढ़ गया। एएसपी भागमल ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।