बिलासपुर/घुमारवीं। घुमारवीं उपमंडल के तहत आने वाले देहरा कोट गांव की एक महिला को एक फर्जी कॉल ने 60 हजार रुपये की चपत लगा डाली। महिला को एक कॉल आया जिसमें उन्हें दस हजार रुपये वापस करने की बात कही गई। इसके बाद महिला से कुछ डिटेल मांगा गया। जैसे ही कॉल कटा महिला के खाते से भी 60 हजार रुपये कट गए। महिला ने इस संबंध में पुलिस थाना भराड़ी में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भराड़ी उपतहसील के अंतर्गत आने वाले पुलिस थाना भराड़ी में अनिता कुमारी पत्नी संदीप कुमार गांव देहरा कोट डाकघर हटवाड़ तहसील घुमारवीं ने शिकायत दर्ज कराई है कि दो अगस्त वह एटीएम से दस हजार रुपये निकालने गई थी लेकिन एटीएम से रुपये नहीं निकले। जबकि मोबाइल फोन पर रुपये निकलने का मैसेज आ गया जिसकी शिकायत बैंक शाखा को भी दी लेकिन आज किसी नंबर से फोन आया कि आप के दस हजार रुपये वापस डालने हैं। उन्होंने जानकारी मांगी उसके तुरंत बाद फोन पर मैसेज आया कि बैंक खाते से 60 हजार रुपये निकल गए हैं। इस पर पुलिस ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
एसपी बिलासपुर साक्षी वर्मा ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बैंक की ओर से कभी भी फोन पर कोई जानकारी नहीं मांगी जाती है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि फोन पर अपनी निजी जानकारी किसी भी व्यक्ति के मांगने पर न दें।
--