अमेरिकी साम्राज्यवाद के खिलाफ सीटू की जिला कमेटी ने फूंका पुतला
वेनेजुएला के राष्ट्रपति उनकी पत्नी के अपहरण की साजिश निंदनीय
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) की जिला कमेटी बिलासपुर की ओर से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों के विरोध में रोष प्रदर्शन किया गया। महावली, स्वारघाट में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति ट्रंप का पुतला फूंका और जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला सचिव विजय शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका की ओर से वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो, उनकी पत्नी के अपहरण की साजिश निंदनीय है। संयुक्त राष्ट्र संघ इस पूरे मामले में पूरी तरह निष्क्रिय बना हुआ है। विजय शर्मा ने कहा कि अमेरिकी साम्राज्यवाद लगातार गरीब, समाजवादी और विकासशील देशों पर लूट की नीयत से हमले कर रहा है, जो मानवता के खिलाफ है। कहा कि इससे पहले भी अमेरिका ने वियतनाम, अफगानिस्तान, ईरान जैसे कई देशों पर हमले कर भारी तबाही मचाई है। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने अमेरिका के दबाव में झुकने से इनकार किया है, क्योंकि उनके देश में दुनिया के लगभग 18 प्रतिशत कच्चे तेल के भंडार हैं। इसके अलावा वहां सोना, कोयला, लोहा सहित अनेक बहुमूल्य खनिज प्रचुर मात्रा में मौजूद हैं, जिन पर कब्जा करने की मंशा से ट्रंप प्रशासन साजिश रच रहा है। प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका की विस्तारवादी नीतियों के खिलाफ विश्व स्तर पर एकजुट संघर्ष की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर बलवीर सिंह, अमृत लाल, प्रदीप ठाकुर, यशवीर सिंह, दिलाराम, कुलदीप, अमरजीत सिंह, सतनाम सिंह, केसर सिंह, राजकुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।