घुमारवीं कोर्ट ने तीसरे पक्ष को हटाने से किया इनकार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। घुमारवीं की सिविल अदालत में पुराने मकान के नवीनीकरण को लेकर चल रहे विवाद में वादी को झटका लगा है। अदालत ने उस अर्जी को खारिज कर दिया, जिसमें वादी ने मामले से एक प्रतिवादी का नाम हटाने की मांग की थी।
वादी ने अदालत में दायर याचिका में कहा था कि उसका पुराना मकान जर्जर हालत में है और उसे नवीनीकरण की अनुमति दी जाए। इसी दौरान उसने एक अलग आवेदन दाखिल कर तीसरे प्रतिवादी का नाम पक्षकारों की सूची से हटाने की मांग की। दलील दी गई कि संबंधित प्रतिवादी का वर्तमान पता ज्ञात नहीं है और नोटिस की प्रक्रिया पूरी करने में समय लगेगा, जिससे मामले में देरी होगी। वहीं, अन्य प्रतिवादियों ने इस आवेदन का विरोध करते हुए कहा कि संबंधित प्रतिवादी का भी उक्त मकान में हिस्सा है, इसलिए उसकी मौजूदगी के बिना कोई भी निर्माण या नवीनीकरण नहीं किया जा सकता। साथ ही यह भी तर्क दिया गया कि मामला उच्च न्यायालय में भी लंबित है और इस परिस्थिति में निचली अदालत में ऐसी अर्जी सुनवाई योग्य नहीं है। सुनवाई के दौरान तीसरा प्रतिवादी स्वयं अदालत में उपस्थित हुआ और उसने स्पष्ट किया कि वह इस मामले में अपना पक्ष रखना चाहता है। इसके बाद अदालत ने माना कि जब संबंधित पक्ष खुद मामले में शामिल होकर सुनवाई करना चाहता है, तो उसे हटाने का कोई औचित्य नहीं बनता। अदालत ने वादी की अर्जी को निरर्थक बताते हुए खारिज कर दिया और इसे मुख्य मामले के साथ संलग्न करने के निर्देश दिए। साथ ही मामले की अगली सुनवाई 16 अप्रैल 2026 को निर्धारित करते हुए प्रतिवादियों को लिखित जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं।