- आज भी ऑन डिमांड विशेष बसें चलाएगा एचआरटीसी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। त्योहारों की छुट्टियां खत्म होने के बाद कार्यस्थल की ओर लोगों के लौटने का सिलसिला जारी है। सोमवार को भी बस अड्डों पर यात्रियों की भीड़ देखी गई। इन यात्रियों की मांग पर हिमाचल पथ परिवहन निगम के बिलासपुर डिपो ने 18 विशेष बसें चंडीगढ़ के लिए भेजी।
बिलासपुर डिपो की ओर से चंडीगढ़ लिए घुमारवीं अड्डा से 11, बिलासपुर अड्डा से दो, हमीरपुर अड्डा से तीन और जाहू बस अड्डा से दो विशेष बसें चलाई गईं। निगम की ओर से मंगलवार को भी ऑन डिमांड पर चंडीगढ़, बद्दी, नालागढ़ की ओर विशेष बसें भेजी जाएंगी। बता दें कि दिवाली के लिए बड़े पैमाने पर लोग बाहरी राज्यों सहित स्थानीय स्तर से घरों में आए हैं। छुट्टियां खत्म होने पर यह लोग वापस लौट रहे हैं। बिलासपुर डिपो ने पहले ही इसकी तैयारी कर रखी थीं। बसों को स्पेयर में रखा गया है ताकि यात्रियों की डिमांड के अनुसार बसों का संचालन सुनिश्चित किया जा सके। निगम के बिलासपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक विवेक लखनपाल ने बताया कि लोगों की डिमांड पर विशेष बसें चलाई जा रही हैं। सोमवार को 18 विशेष बसें ऑन डिमांड भेजी गई हैं।