संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के नौनिहालों को कोरोना वैक्सीन का टीका लगाने का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। अभी तक 13,177 नौनिहालों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग इस आयु वर्ग में 92 फीसदी बच्चों को पहली डोज लगा चुका है। विभाग अब सौ फीसदी लक्ष्य हासिल करने के बेहद करीब है।
बता दें कि जिला में 16 मार्च से 12 से 14 वर्ष के बच्चों को वैक्सीन लगाने का अभियान शुरू हुआ। जिले के पांच खंडों में 12 से 14 वर्ष के बच्चों को वैक्सीन लगाई जा रही है। शहरी क्षेत्र में पहली डोज लगाने का 100 फीसदी लक्ष्य पूरा हो गया है। मार्कंड में 83.2, घुमारवीं में 96.2, झंडूता में 91 और श्री नयनादेवी जी में 92.4 फीसदी लक्ष्य पूरा किया है।
इसी के साथ स्वास्थ्य विभाग ने इस आयु वर्ग के बच्चों को दूसरी दूसरी डोज लगाने का अभियान भी शुरू कर दिया है। अभी तक जिला में 9,189 बच्चों को दोनों डोज लग चुकी हैं। एमओएच परमिंद्र ने बताया कि बच्चों का कोरोना टीकाकरण अभियान जारी है।
- किंजल जमवाल ने बताया कि कोरोना टीका लगवाने से पहले मन में डर था। पहली डोज लगी तो सब कुछ सामान्य रहने से उत्साह बढ़ा। अब उन्हें वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है।
कार्तिक जमवाल ने बताया कि परिवार में वह सबसे छोटे हैं। कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगवाने में वह परिवार में सबसे पीछे थे। अब वैक्सीन की दोनों डोज लगवाकर कोरोना महामारी से सुरक्षित हो जाने का एहसास हो रहा है।