राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल की तैयारियों की समीक्षा करते उपायुक्त राहुल कुमार। स्रोत: डीपीआरओ
राज्य स्तरीय मेगा मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
फील्ड स्तर पर काम के बंटवारे को लेकर अधिकारियों ने की योजना तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में 6 जून को होने वाली राज्य स्तरीय 9वीं मेगा मॉक ड्रिल को लेकर रविवार को बचत भवन में समीक्षा बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक में मॉक ड्रिल के दौरान निभाई जाने वाली जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। खास तौर पर इंसिडेंट रिस्पांस टीम की भूमिका, विभागों के बीच समन्वय, सूचना के आदान-प्रदान की व्यवस्था, संसाधनों की उपलब्धता और फील्ड स्तर पर काम के बंटवारे को लेकर अधिकारियों ने योजना तैयार की। सभी विभागों को निर्देश दिए गए कि वे समय पर अपनी भूमिका का प्रभावी तरीके से निर्वहन सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने बताया कि मॉक ड्रिल का मकसद किसी भी आपदा की स्थिति में जिला प्रशासन की तैयारियों की परख करना है। इससे यह भी आकलन किया जाएगा कि कहां सुधार की जरूरत है। बैठक में मौजूद सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने मॉक ड्रिल को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।